असम के काजीरंगा में बस-ट्रक में भीषण टक्कर, 23 लोगों की मौत, कई जख्मी
असम के काजीरंगा में बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने इस हादसे की पुष्टी की है. गोलाघाट जिले के जिला कमिश्नर बिस्वजीत फुकन ने बताया कि असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास रोंगाजान इलाके में एक हादसे में कई लोगों की मौत हो गई. कई अन्य घायल हुए हैं.
उन्होंने ANI को बताया कि घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया है. अभी और जानकारी का इंतजार है. लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में कुल 35 से ज्यादा यात्री सवार थे. वह एक तेज रफ्तार ट्रैवलर गाड़ी के एक ट्रेलर से जा टकराई. जिससे यह बड़ी अनहोनी हो गई.
CM सरमा ने जताया हादसे पर दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भावुक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है. इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है. उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता. लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं है. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.
इसके अलावा उन्होंने आगे कहा, ‘हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले. माननीय मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं. रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं. मैं घायलों को जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं.’
