2027 के चुनाव में BJP से गठबंधन रहेगा या नहीं? जयंत चौधरी ने राम मंदिर मामले के बीच साफ किया रुख

2027 के चुनाव में BJP से गठबंधन रहेगा या नहीं? जयंत चौधरी ने राम मंदिर मामले के बीच साफ किया रुख

शामली पहुंचे राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने गांव कांबडौत में केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास किया. इसके बाद राष्ट्रीय लोक दल की ओर से एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया. सभा को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि आज सरकार की योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि किसान भी इन योजनाओं से फायदा उठा रहे हैं.

सभा को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार में वह भागीदार हैं. उन्होंने बताया कि एक ऐसा कानून आने वाला था, जिससे ग्रामीण इलाकों में मिलने वाले रोजगार, कोहल्लू और कलेशर के ऊपर संकट आ सकता था.

उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाई, जिसके बाद वह कानून पास नहीं हो पाया. इसका फायदा आज उत्तर प्रदेश में हजारों लोगों को रोजगार के रूप में मिल रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंच रहा है और शामली का केंद्रीय विद्यालय भी उसी का हिस्सा है.

जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की बड़ी संस्था केंद्रीय विद्यालय का लाभ अब शामली के लोगों को मिलेगा. उन्होंने कहा कि जिला बने काफी समय हो गया था, लेकिन यहां केंद्रीय विद्यालय नहीं था. अब भारत सरकार ने शामली को यह सौगात दी है.

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सरकार पर विश्वास रखें और आईटीआई, पॉलिटेक्निक जैसी तकनीकी शिक्षा देने वाली संस्थाओं पर भरोसा करें. उन्होंने कहा कि ये संस्थाएं युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हैं.

एसआईटी जांच पर जताया भरोसा

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने साफ कहा कि बीजेपी से गठबंधन जारी रहेगा. वहीं राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है. उन्हें पूरा भरोसा है कि जांच निष्पक्ष होगी और दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. उन्होंने कहा कि लोगों का धार्मिक संस्थाओं पर भरोसा है और जांच एजेंसी पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी.

Leave a Reply