दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, चलेंगी तेज हवाएं, जानें IMD का अपडेट

दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, चलेंगी तेज हवाएं, जानें IMD का अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई के बाद से बारिश ने जैसे मुंह मोड़ लिया है. पिछले कुछ दिनों से तेज धूप तो कभी हल्के बादल ही शहर में देखने को मिल रहे हैं. अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 9 से 14 अक्टूबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. साथ ही 10-11 अक्टूबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा की गति से और झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक चल सकती है. साफ है कि राजधानी का मौसम बदलने वाला है और तापमान में गिरावट के आसार हैं.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार (8 अक्टूबर) को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि औसत से 1.5 डिग्री अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 0.9 गिरावट के साथ 24.1 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा. नोएडा में अधिकतम तापमान 33.3 और गाजियाबाद में 35.9 डिग्री दर्ज किया गया है. इस दौरान दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 162 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

विभाग के अनुसार, आज शुक्रवार (9 अक्टूबर) को आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे.  आज शहर का अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दिन के दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 10-15 किमी तक जा सकती है. विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, लेकिन इसके बाद 2-3 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा और फिर धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा.

पिछले 24 घंटों में चली तेज हवाएं

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20-24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15-20 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलीं. इस दौरान अधिकतम नमी का स्तर 85 प्रतिशत और न्यूनतम नमी का स्तर 47 प्रतिशत रहा.

Leave a Reply