CJP का दावा- ‘हिरासत में ले रही पुलिस’, कांग्रेस भड़की- ‘किसी भी…’
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को सीजेपी ने प्रदर्शन का ऐलान किया है. देशभर से युवाओं के जुटने की उम्मीद है. इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से दावा किया जा रहा है कि पुलिस संगठन से जुड़े नेताओं को हिरासत में ले रही है. इस तरह की कार्रवाई पर विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से एनडीए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई है.
दरअसल, सीजेपी के नेता आशुतोष रांका ने गुरुवार (08 अक्टूबर, 2026) की रात अपने एक्स हैंडल से कई पोस्ट किए. उन्होंने कहा कि संगठन के सह प्रभारी दीपक बलियान को अभी-अभी राजस्थान पुलिस जबरन उठाकर थाने ले गई है.”
‘एनडीए की बौखलाहट का परिणाम’
इस तरह के एक्शन को लेकर बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा, “सीजेपी सहित किसी भी विपक्षी नेताओं को लोकतंत्र की रक्षा करने में गिरफ्तारी की जाती है तो वो गलत है. यह एनडीए की बौखलाहट का परिणाम है.”
उन्होंने कहा, “सरकार की चुनाव आयोग के SIR के आड़ में वोट चोरी पर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी जी ने बिहार चुनाव के दौरान ही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में सभी को सचेत कर दिया था, लेकिन फिर भी सरकार अपनी कुत्सित नीति में कामयाब रही और संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग के आड़ में छिप कर बचती रही… लेकिन देर से ही सही दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाए गए आपत्तियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि बीजेपी ने वोट चोरी की है.”
‘सरकार डरकर कार्रवाई कर रही’
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “यह स्पष्ट है कि देश की जनता ने राहुल गांधी जी की बातों को देर से ही सही समझा और अब सड़कों पर सभी विपक्षी दल भी उनकी बातों के समर्थन में आ चुके हैं… इसलिए निश्चित तौर पर सरकार ने भांप लिया है कि अब जनता उससे हिसाब मांगेगी, इसलिए सरकार डरकर लगातार प्रदर्शनकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है.”
