कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
  • सहारनपुर में मतदान केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार करती महिला मतदाता।

सहारनपुर। जनपद में आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर सहारनपुर नगर निगम समेत सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में महापौर, अध्यक्ष, पार्षद व सभासद पदों के लिए चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम व मतपेटियों में कैद कर दिया जिसका खुलासा आगामी 13 मई को होने वाली मतगणना के बाद हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के प्रथम चरण में आज सहारनपुर नगर निगम के अलावा गंगोह, नकुड़, सरसावा, देवबंद नगर पालिकाओं व रामपुर मनिहारान, नानौता, तीतरों, अम्बेहटा पीर, चिलकाना सुलतानपुर, बेहट एवं छुटमलपुर नगर पंचायतों में आज मतदाताओं द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया। आज मतदान को लेकर सुबह से मतदाताओं में उत्साह का संचार रहा परंतु उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मतदान करने आए मतदाताओं के आधार कार्ड व अन्य पहचा पत्रों की सख्ती के साथ जांच किए जाने के चलते मतदान की गति धीमी रही जिस कारण कोई फर्जी मतदान पर रोक लगी। दोपहर बाद मतदाताओं में उत्साह का संचार रहा तथा एक बार पुन: मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार दिखाई दी।

आज जनपद में सहारनपुर नगर निगम के महापौर एवं पार्षद पदों के लिए सम्पन्न कराए गए मतदान में सुबह 9 बजे तक 11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। 11 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 20.27 प्रतिशत हो गया। जबकि दोपहर एक बजे तक 32.56 तथा 3 बजे तक 43.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सरसावा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन व सभासद पदों के लिए प्रात: 9 बजे तक 16 प्रतिशत तथा अपरान्ह 11 बजे तक 38.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया था। जबकि दोपहर 1 बजे तक 55.80 तथा 3 बजे तक 67.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नकुड़ नगर पालिका परिषद में सुबह 9 बजे तक 17 प्रतिशत, 11 बजे तक 36.29 तक तथा 1 बजे तक 5284 व 3 बजे तक 64.20 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

गंगोह नगर पालिका परिषद में सुबह 9 बजे तक 13 प्रतिशत, 11 बजे 26.65, 1 बजे तक 41.85 तथा 3 बजे तक 50.22 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से वोट डाले गए। इसके अलावा सुलतानपुर चिलकाना नगर पंचायत में सुबह 9 बजे तक 16, 11 बजे तक 32.50, 1 बजे तक 49.23 तथा 3 बजे तक 62.85 प्रतिशत मतदाता अपना वोट डाले चुके थे। बेहट नगर पंचायत में 9 बजे तक 12 प्रतिशत, 11 बजे तक 28 प्रतिशत, 1 बजे तक 43.84 तथा 3 बजे तक 56.84 प्रतिशत वोट डाले जा चुके थे। छुटमलपुर नगर पंचायत में सुबह नौ बजे तक 14 प्रतिशत, 11 बजे तक 28.16 प्रतिशत, 1 बजे तक 44.03 प्रतिशत तथा 3 बजे तक 57.13 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया।

अम्बेहटा पीर नगर पंचायत में सुबह 9 बजे तक 12 फीसद, 11 बजे तक 19.65 फीसद, 1 बजे तक 43.35 एवं 3 बजे तक 54.10 फीसद वोट डाले जा चुके थे। तीतरों नगर पंचायत में सुबह 9 बजे तक 14 प्रतिशत, 11 बजे तक 18.44 प्रतिशत, 1 बजे 48.74 प्रतिशत तथा 3 बजे तक 60.73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। रामपुर मनिहारान नगर पंचायत में सुबह 9 बजे तक 13 प्रतिशत, 11 बजे तक 30.93 प्रतिशत, 1 बजे तक 48 प्रतिशत एवं 3 बजे तक 58.58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नानौता नगर पंचायत में सुबह 9 बजे तक 16 प्रतिशत, 11 बजे तक 33.67 प्रतिशत, 1 बजे तक 49.68 तथा 3 बजे तक 55.76 फीसत मतदाताओं ने अपने-अपने वोट डाले थे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे