घर में घुसकर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बरामद
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूली
सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर नकदी और जेवरात चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
16 अक्टूबर को घर में हुई थी चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहमद कॉलोनी निवासी फतेह मोहम्मद पुत्र मोहम्मद जावेद ने 16 अक्टूबर को देहात कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित कर उनकी तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नवनिर्मित हाईवे पर बड़ी नहर के पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असगर पुत्र चंदू निवासी ग्राम हबीबगढ़, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर और सोनू पुत्र यामीन निवासी मोहल्ला गढ़ी रोड, पुराना मिद्दा, थाना सिटी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और नशा करने के आदी हैं। अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि गिरफ्तारी के समय भी वे चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र राव और उपनिरीक्षक यमुना प्रसाद शामिल रहे।
