मतदाता सूची से न छूटे कोई पात्र नागरिक, डीएम ने मनोहरपुर में बूथों का किया निरीक्षण
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के अनिवार्य रूप से फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश, बीएलओ से घर-घर जाकर जागरूक करने को कहा
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने विकासखंड बलियाखेड़ी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर में आयोजित विशेष शिविर के अंतर्गत विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे नागरिकों को चिह्नित करें, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हैं। साथ ही उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें।
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का भरवाएं फॉर्म-6
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाए जाएं, ताकि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने बीएलओ को अभियान के दौरान सक्रियता से कार्य करने और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन भी भर सकते हैं फॉर्म-6
जिलाधिकारी ने आमजन को जानकारी देते हुए बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित बूथ पर बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी विकास कुमार पांडेय सहित संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
