सहारनपुर में नॉर्थ इंडिया दिवाली कप-2026 का आगाज, दृष्टि-11 ने चैहान क्रिकेट एकेडमी को 33 रन से हराया
अर्पित शंकर बने मैन ऑफ द मैच, आठ टीमें लेंगी प्रतियोगिता में हिस्सा
सहारनपुर। एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में नॉर्थ इंडिया दिवाली कप-2026 का शुभारंभ भूतेश्वर ग्राउंड पर हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में दृष्टि-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैहान क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर को 33 रन से पराजित किया। दृष्टि-11 के अर्पित शंकर को दो विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दृष्टि-11 ने बनाए 154 रन
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दृष्टि-11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से राघव शर्मा ने 35 रन और अतुल यादव ने 32 रन का योगदान दिया।
चैहान क्रिकेट एकेडमी की ओर से आर्यांश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि केशव अरोड़ा ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
121 रन पर सिमटी चौहान क्रिकेट एकेडमी
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौहान क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर की टीम 19.4 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हर्ष ने 37 रन और तरुण ने 25 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
दृष्टि-11 की ओर से अर्पित शंकर और हारिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह दृष्टि-11 ने 33 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के बाद अर्पित शंकर को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई।
आठ टीमें दिखाएंगी दमखम
टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट पीके सिंह के साथ नदीम उमर, राजीव गोयल, रणधीर कपूर और भूपेंद्र कच्छल मौजूद रहे।
एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के कोच राजीव गोयल टप्पू ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी, दृष्टि-11, अल्फा जायंट्स नोएडा, वंडर स्पोर्ट्स मेरठ, चैहान क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर, होली चाइल्ड शामली, यंगस्टर्स क्लब दिल्ली और अहलावत क्रिकेट एकेडमी मेरठ शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले भूतेश्वर ग्राउंड पर 20-20 ओवर के प्रारूप में सफेद लेदर बॉल से खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ फील्डर को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
