जूडो छात्रावास के तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय कैडेट जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

जूडो छात्रावास के तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय कैडेट जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
  • सहारनपुर में जूडो प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश की जूडो टीम में सहारनपुर जूडो छात्रावास के तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय कैडेट जूडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस शानदार उपलब्धि पर क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा समेत खेल प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

जूडो छात्रावास के मुख्य प्रशिक्षक पुनीत कुमार आर्य ने बताया कि गत 3 जून 2026 को लखनऊ में प्रदेशीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया था। चयन ट्रायल में सहारनपुर जूडो छात्रावास के जूडो खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य टीम में अपनी जगह पक्की की। चयनित खिलाड़ियों में गौरव यादव का 50 किलोग्राम, दुर्गेश यादव का 55 किलोग्राम और अवनीश राठी का 90 किलोग्राम भार वर्ग में चयन किया गया है। उन्होंने  बताया कि ये तीनों खिलाड़ी आगामी 10 से 12 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कैडेट जूडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की जूडो टीम की ओर से प्रतिभाग करेंगे।

गौरतलब है कि ये तीनों ही प्रतिभावान खिलाड़ी जूडो प्रशिक्षक पुनीत कुमार आर्य के कुशल मार्गदर्शन में कड़ा अभ्यास और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से खेल जगत और जिले में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा, सहायक प्रशिक्षक प्रवीण चैधरी, लाल धर्मेंद्र प्रताप, आदेश, जैनेंद्र और पुनीत कुमार आर्य आदि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनका हौसला बढ़ाया।

Leave a Reply