राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में आज हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ व उत्तर पूर्वी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान पूरे दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चली, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा के साथ कई इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।
इन राज्यों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले चार दिन के लिए उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को आरेंज अलर्ट और इसके बाद दो दिन यलो अलर्ट रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में भी रविवार को आरेंज अलर्ट और इसके बाद तीन दिन यलो अलर्ट है।
बिहार में मौसम बना हुआ है सुहाना
बिहार में बारिश के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना समेत 17 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पटना समेत 16 शहरों अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, कैमूर रोहतास, सारण, सिवान पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, शिवहर, वैशाली के लिए अगले 24 घंटे के लिए औरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा रहने के साथ वर्षा का पूर्वानुमान बताया है।
झारखंड में मिली गर्मी से राहत
राज्य में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही वर्षा व तेज सतही हवा के बहने से राजधानी रांची समेत पूरे राज्य का तापमान 40 के नीचे लुढ़क गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। यह स्थिति फिलहाल आने वाले चार से पांच दिनों तक बनी रहेगी। मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण राज्य के सभी जिलों का तापमान 40 के नीचे पहुंच गया है। तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की कमी रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग रांची ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा की संभावना है। साथ ही ठंडर एक्टिविटी के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने की भी संभावना है।
यूपी में इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार सुबह राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश भर के 60 से अधिक जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान के साथ बिजली चमकने के लिए अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, औरैया, बागपत, बहराइच, बाराबंकी, बलरामपुर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कासगंज, लखीमपुर-खीरी, ललितपुर, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में आंधी-तूफान के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे | वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे |