दिल्ली-NCR में सितंबर की सबसे सर्द रात, 21 डिग्री पहुंचा तापमान; आज कैसा रहेगा मौसम?
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। रविवार, 27 सितंबर को दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यह 2001 के बाद सितंबर में दर्ज सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
वहीं, अधिकतम तापमान भी 1.4 डिग्री गिरकर 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। मौसम में आए बदलाव के कारण राजधानीवासियों को सितंबर के आखिरी दिनों में हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।
बारिश के बाद दिल्ली की हवा हुई साफ
हाल में हुई बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 53 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। शनिवार को AQI 72 दर्ज हुआ था।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार, 28 सितंबर को दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि दिन में धूप निकलने की भी संभावना है। आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जबकि रात के समय तापमान में हल्की ठंडक बनी रह सकती है।
दिल्ली-NCR में कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली में बारिश दर्ज नहीं हुई। हालांकि, सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश हुई थी।
- मयूर विहार: 7 मिमी
- रिज: 6.8 मिमी
- लोधी रोड: 5.2 मिमी
- सफदरजंग: 4.9 मिमी
- राजघाट: 4.5 मिमी
- अयानगर: 4 मिमी
- पूसा: 4 मिमी
- पालम: 3.7 मिमी
नोएडा में इस अवधि में सबसे अधिक 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गाजियाबाद और फरीदाबाद में करीब 4.5 मिमी बारिश हुई।
25 साल में दूसरी बार सितंबर की इतनी सर्द रात
27 सितंबर की रात न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ सितंबर में ठंड का नया रिकॉर्ड देखने को मिला। वर्ष 2001 में सितंबर का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज हुआ था। इसके बाद 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
इसके अलावा सितंबर 2024 में 6 सितंबर को 21.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। इस तरह इस साल सितंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में आई गिरावट ने राजधानी के मौसम को असामान्य रूप से ठंडा बना दिया है।
24 घंटे में 1-2 डिग्री गिरा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
इस दौरान राजधानी में उत्तर-पूर्वी हवाएं 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि पालम में हवा की गति 30-33 किमी प्रति घंटे तक पहुंची। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 63 प्रतिशत दर्ज की गई।
