अब्बास अंसारी की ओम प्रकाश राजभर को नसीहत, बोले- ‘BJP आपकी पार्टी को खा रही है’

अब्बास अंसारी की ओम प्रकाश राजभर को नसीहत, बोले- ‘BJP आपकी पार्टी को खा रही है’

उत्तर प्रदेश में मऊ से विधायक अब्बास अंसारी ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर को आगाह करते हुए कहा,” मैं चाचा को यही कहूंगा कि भाजपा भारतीय समाज पार्टी को खा रही है.” उन्होंने आगे कहा कि जिस आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी का गठन हुआ, जिस तबके में राजभर समाज को हक नहीं मिलने पर लोगों ने नेता को चुनकर आगे बढ़ाया, आज वही पार्टी सरकार में आकर भी अपने लोगों को न्याय नहीं दिला पा रही.

अब्बास अंसारी ने कहा, “संजय निषाद जैसे लोग भी कहने को मजबूर है कि आरक्षण पर साफ बात नहीं होगी तो कुछ करना पड़ेगा. यह ओमप्रकाश चाचा के दिल में भी है. अनुप्रिया पटेल जी के भी दिल में है और जयंत चौधरी जी के भी दिल में है, सब समय का इंतज़ार कर रहे हैं.”  अब्बास अंसारी ने यह बयान मऊ में सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दिया.

लोगों तक मदद नहीं पहुंचने का आरोप

अब्बास अंसारी ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “न तो लोगों तक पर्याप्त मदद पहुंच रही है, और न ही उन्हें जरूरी संसाधन या रोजगार के अवसर मिल रहे हैं. यहां तक कि रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतें भी लोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे जनता में भारी नाराजगी है. अब सांप्रदायिकता की राजनीति नहीं चलेगी. यही वजह है कि चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठने के बावजूद, सेना, BSF, CRPF, ITBP और CISF जैसी केंद्रीय बलों को तैनात किया जा रहा है. जो कि कथित तौर पर बेईमानी और कोरी जिद का नतीजा है.”

MLC चुनाव में जीत का दावा

MLC चुनाव पर बात करते हुए अब्बास अंसारी ने कहा, “देखिए, अभी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव चल रहे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि यह चुनाव प्रबुद्ध वर्ग का है. ऐसे लोग जो चीजों को गहराई से समझते हैं और जिनमें अच्छी समझ है। ये वे लोग हैं जो दूसरों के भविष्य को रोशन करते हैं. मुझे पूरा यकीन है कि वे समझदार हैं और सोच-समझकर अपना वोट डालेंगे. हालाँकि, असली मुद्दा निष्पक्षता का है. सरकारी तंत्र के इस्तेमाल चाहे वह बाहुबल हो, धनबल हो, या दबाव की राजनीति और चुनाव कराने वाली संस्था पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और गलत प्रविष्टियों को लेकर सवाल उठने के बावजूद, अब तक चुनाव ठीक ढंग से आगे बढ़ा है.”

Leave a Reply