प्रधानमंत्री का नाम लेकर बोले कन्हैया कुमार, ‘आपने भगवान से लेकर इंसान…’
नई दिल्ली/पटना। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के बाद गुरुवार (8 अक्टूबर 2026) को पटना में भी विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं।
दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है।
कन्हैया कुमार ने एक्स पर किया पोस्ट
कन्हैया कुमार ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, “मोदी जी ये अराजकता नहीं, आपका ही फैलाया हुआ रायता है। अब देशभक्तों को अंधभक्तों द्वारा फैलाया गया रायता समेटना तो पड़ेगा… आपने भगवान से लेकर इंसान तक सबके साथ धोखाधड़ी और चोरी की है।”
कन्हैया कुमार का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि सरकार और बीजेपी इन आरोपों को राजनीतिक विरोध के तौर पर देखती रही है।
