राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दिल्ली पुलिस ने की FIR
नई दिल्ली इलाके में बुधवार (7 अक्टूबर) को हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. पुलिस से मारपीट, सरकारी काम में बाधा, धक्कामुक्की और बदसलूकी के मामले में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन में धरने के मामले में एफआईआर दर्ज की थी. जब इसको लेकर राहुल गांधी से सवाल किया गया तो उन्होंने बुधवार को कहा कि मेरे खिलाफ 45 एफआईआर है, मेरा लक्ष्य 100 केस का है. एफआईआर मेरे लिए मेडल है.
आकाशवाणी भवन में धरना
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संसद मार्ग से चुनाव आयोग तक मार्च का प्लान बनाया था. लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया और नेताओं को हिरासत में ले लिया. इसी दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में घुस गए और कई घंटों तक धरना दिया. बाद में पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया.
बुधवार को फिर इंडिया गठबंधन के सांसद एकजुट हुए और जंतर मंतर गए. यहां भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. प्रियंका गांधी के साथ कई नेता इस दौरान सड़क पर लेट गईं. प्रियंका के जमीन पर लेटते ही कांग्रेस सांसदों और नेताओं ने उन्हें घेर लिया. कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र हो उठे. बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया.
विपक्षी दलों के नेताओं का आज का कार्यक्रम
विपक्षी दलों के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक की मांग कर रहे हैं. विपक्ष का प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा. चुनाव आयोग मामले में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में कांग्रेस ने आज काला दिवस मनाने का फैसला किया है.
इंडिया गठबंधन के नेता आज भी प्रदर्शन करेंगे. करीब दोपहर 1:00 बजे इंडिया गठबंधन के सांसद राजघाट की तरफ मार्च करेंगे. उसके बाद कांस्टीट्यूशन क्लब में करीब शाम 5:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का कार्यक्रम रखा गया है. दिल्ली में इंडिया गठबंधन के जो भी सांसद उपलब्ध रहेंगे मार्च में शामिल होंगे.
वहीं पटना में आज तेजस्वी यादव की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के नेता-कार्यकर्ता राजभवन तक मार्च करेंगे. ये विरोध मार्च शहीद स्मारक स्थल से राजभवन तक निकाला जाएगा. बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर आज भी धरना प्रदर्शन होगा.
