शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरमेंटल साइंसेज विभाग के विद्यार्थियों ने कोठरी बहलोलपुर के जैविक फार्म का शैक्षणिक भ्रमण किया
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरमेंटल साइंसेज विभाग ने दिनांक 18 अगस्त 2026 को विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। इस भ्रमण के अंतर्गत संकाय के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने बेहट क्षेत्र के कोठरी बहलोलपुर गांव स्थित एक जैविक एवं प्राकृतिक खेती फार्म का दौरा किया।
भ्रमण हेतु रवाना होने से पूर्व विश्वविद्यालय परिसर में स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एन्वायरमेंटल साइंसेज की विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी ने बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उन्हें कृषि क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों और संभावनाओं से भी परिचित कराते हैं। इस शैक्षणिक भ्रमण पर विद्यार्थियों के साथ डॉ. विकास कुमार, अभिषेक कुमार एवं रोहित कुमार सैनी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों को व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई।
सभी विद्यार्थियों ने जैविक फार्म का पूर्ण रूप से अवलोकन किया, विद्यार्थियों ने गन्ना, धान, विभिन्न प्रकार की सब्जियों एवं फलदार फसलों की जैविक खेती की बारीकियों को नजदीक से देखा और समझा। इसके अतिरिक्त उन्हें आम की प्रमुख किस्मों — मल्लिका, चौसा एवं लंगड़ा — की जैविक बागवानी के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने फलों की गुणवत्ता में सुधार तथा उन्हें सुरक्षित रखने हेतु प्रयोग की जाने वाली फ्रूट कैपिंग/बैगिंग तकनीक को भी करीब से देखा। यह जैविक फार्म एक युवा महिला किसान शुभावरी चौहान द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिन्होंने विगत तीन वर्षों में अपनी मेहनत और लगन के बल पर एक सफल जैविक कृषि उद्यम स्थापित किया है। उनकी गुणवत्तापूर्ण जैविक उपज की मांग न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बढ़ रही है।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बी. एस. सिद्धू ने भ्रमण के आयोजकों को अनेक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है, ताकि वे भविष्य में सतत एवं जलवायु-अनुकूल कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने भ्रमण के आयोजकों एवं सभी विद्यार्थियों को अनेक शुभकामनाएं दी और कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर निकलकर वास्तविक कृषि क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिलना उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। आगे उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता की भावना से जोड़ते हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर कृषि उद्यमी बनने हेतु प्रेरित करते हैं।
