केशव मौर्य के CM बनने के बयान पर सपा-कांग्रेस का तंज, बोलीं- ‘हिम्मत है तो चेहरा घोषित करवाइए’
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुख्यमंत्री बनने को लेकर दिए गए बयान पर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस ने तंज कसा है। केशव मौर्य ने विशेष कार्यक्रम ‘चर्चा विद चित्रा’ में मुख्यमंत्री बनने से जुड़े सवाल पर अपनी बात रखी थी। उनके बयान के बाद विपक्षी दलों ने उन पर निशाना साधा।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज काका ने केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उनके साथ संवेदना है। बेचारे को मुख्यमंत्री छोड़िए, उनका अच्छा विभाग तक छीन लिया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पिछड़े और दलित वर्ग के नेताओं का वास्तविक उत्थान नहीं चाहती, बल्कि उन्हें केवल दरबारी बनाकर रखना चाहती है।
मनोज काका ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य के पास मुख्यमंत्री बनने का सबसे सुनहरा अवसर समाजवादी पार्टी ने दिया था, लेकिन अब वह मौका भी निकल चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केशव मौर्य में इतनी हिम्मत है कि वह खुलकर यह कह सकें कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाए।
‘CM बनने की बात केशव मौर्य के मुंह से शोभा नहीं देती’
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी केशव मौर्य पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके मुंह से मुख्यमंत्री बनने की बात शोभा नहीं देती। सुरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पिछड़े वर्ग से आने वाले केशव मौर्य को सत्ता में उचित स्थान नहीं दिया और उन्हें “स्टूल पर बैठाकर” रखा गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि अगर केशव मौर्य की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है तो उन्हें पार्टी तोड़ने की हिम्मत दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वे 100 विधायक लेकर आते हैं, तो मुख्यमंत्री बन सकते हैं, लेकिन उनमें मुख्यमंत्री बनने की “हिम्मत, हैसियत और हौसला” नहीं है।
केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद सामने आई सपा और कांग्रेस की प्रतिक्रियाओं ने उत्तर प्रदेश की सियासत में बीजेपी के भीतर नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद को लेकर चलने वाली चर्चाओं को फिर हवा दे दी है।
