‘SIT मतलब शेयर इन थेफ्ट या सेंध इन ट्रस्ट’, अखिलेश यादव ने राम मंदिर जांच पर उठाए सवाल, लखनऊ अग्निकांड पर भी सरकार को घेरा

‘SIT मतलब शेयर इन थेफ्ट या सेंध इन ट्रस्ट’, अखिलेश यादव ने राम मंदिर जांच पर उठाए सवाल, लखनऊ अग्निकांड पर भी सरकार को घेरा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महारानी दुर्गावती की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लिए कई घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने महारानी दुर्गावती को भारत की वीर और कुशल शासकों में से एक बताते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर उनकी सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

राम मंदिर की एसआईटी जांच को लेकर साधा निशाना

अयोध्या राम मंदिर में कथित दान अनियमितता की जांच के लिए गठित एसआईटी को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “SIT का मतलब क्या है— शेयर इन थेफ्ट या सेंध इन ट्रस्ट?” उन्होंने इसे आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं सनातन परंपराओं पर सवाल खड़े करती हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग इस मामले में तथ्यों को सामने ला रहे हैं, वे सराहना के पात्र हैं। हालांकि उन्होंने आशंका जताई कि उनके खिलाफ ईडी, सीबीआई या आयकर विभाग जैसी एजेंसियों की कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

लखनऊ अग्निकांड पर सरकार और प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड को लेकर सपा प्रमुख ने कहा कि अगर सुरक्षा मानकों का समय पर पालन किया जाता तो कई मासूमों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे और राहत एवं बचाव कार्यों में जरूरी संसाधनों की कमी दिखाई दी।

उन्होंने कहा कि यह पहली ऐसी घटना नहीं है और इससे पहले कुंभ और लेवाना होटल अग्निकांड जैसे मामलों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

जमीन आवंटन और पर्यावरण के मुद्दे पर भी उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर जमीनों के आवंटन को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं।

महारानी दुर्गावती की प्रतिमा लगाने का किया वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की धरती ने महारानी दुर्गावती और रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीर महिलाओं को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महारानी दुर्गावती की सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और बहुजन समाज के महापुरुषों को उचित सम्मान दिया जाएगा।