‘अब केवल टैंक आना बाकी…’, जंतर-मंतर पर सशस्त्र बल की तैनाती पर बोले अखिलेश

‘अब केवल टैंक आना बाकी…’, जंतर-मंतर पर सशस्त्र बल की तैनाती पर बोले अखिलेश

दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच एक वीडियो सामने आई हैं, जिसमें सशस्त्र बल हथियारों के साथ लेस होकर गाड़ी में जाते दिख रहे हैं. जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा और जंतर-मंतर पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किए जाने पर सवाल उठाए.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली को पूरी तरह से छावनी बनाए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा- ‘सशस्त्र बल जिन बेहद ख़तरनाक हथियारों से लैस करके जंतर-मंतर पर भेजे गये, उसे देखकर तो लगता है कि अब केवल टैंक आना बाक़ी है. सत्ता जितनी डरी होती है, उसकी बंदूक उतनी बड़ी होती है.’

दिल्ली में आज इंडिया ब्लॉक का मार्च

बता दें कि दिल्ली में आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च प्रस्तावित हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और काँग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में विपक्ष का मार्च बाराखंभा रोड से शुरू हो गया है. ये सभी लोग यहां से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे. काँग्रेस ने सभी विपक्षी दलों और तमाम लोगों को इस मार्च में शामिल होने को कहा है.

राहुल गांधी ने इस मार्च से पहले एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की, जिसमें उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि आप इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं. हम आपको बख्शेंगे नहीं. हमें आपके अतीत और भ्रष्टाचार का पता है और हम इंतज़ार कर रहे हैं. उन्होंने कहा जो भी इस मार्च में शामिल होना चाहता है उसका स्वागत है.

इस मार्च में देशभर से भारी संख्या में इंडिया ब्लॉक के नेता और उनके समर्थक शामिल हो रहे हैं. विपक्ष के मार्च को देखते हुए दिल्ली में भारी संख्या में सशस्त्र बलों को भी तैनात किया गया है. इस दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की टीमें तैनात की गई है.

Leave a Reply