सिख समाज ने हेमकुंड साहिब जा रहे निहंग सिखों से मारपीट पर जताया रोष

सिख समाज ने हेमकुंड साहिब जा रहे निहंग सिखों से मारपीट पर जताया रोष
सहारनपुर में डीएम से मिलने जाते सिख समाज के नागरिक।

सहारनपुर। उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे निहंग सिखों के साथ कथित मारपीट और धार्मिक प्रतीकों के अपमान की घटना को लेकर सहारनपुर के सिख समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को श्री गुरु सिंह सभा के नेतृत्व में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों एवं सिख संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

आज सिख समुदाय के पदाधिकारियों  का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे ओर जिलाधिकारी से मुलाकात की तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौपा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 11 जून को पार्किंग विवाद के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे निहंग सिखों के साथ मारपीट की।

प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं दिखाई दे रही है, जिससे सिख समाज में असंतोष और चिंता का माहौल है। सिख समाज के नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा हिरासत में लिए गए निहंग सिखों की शीघ्र रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाने वाली संगत की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की घटनाएं धार्मिक सौहार्द के लिए भी चिंताजनक हैं। प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के नाम ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। सिख प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में न्यायपूर्ण और पारदर्शी कार्रवाई नहीं की गई तो सिख समाज व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Leave a Reply