जिला अस्पताल में सफाई कर्मचारियों ने किया धरना-प्रदर्शन
सहारनपुर। जिला अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों ने पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में बुधवार को हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया। वेतन भुगतान न होने से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठप कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया और मरीजों, तीमारदारों तथा अस्पताल स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पूरी तरह उनके कंधों पर निर्भर है, इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लगभग 7,200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है, जबकि कंपनी के माध्यम से अधिक भुगतान दर्शाया जाता है। उन्होंने वेतन में कथित कटौती की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा “समान काम, समान वेतन” की मांग भी उठाई। कर्मचारियों ने बताया कि वे अपनी समस्या को लेकर कई बार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सहित अन्य अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि मार्च माह में पोर्टल अपडेट होने के कारण सभी कर्मचारियों का विवरण दोबारा अपलोड किया जा रहा है, जिसकी वजह से वेतन भुगतान में विलंब हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों का बकाया वेतन उनके खातों में पहुंच जाएगा। धरना-प्रदर्शन में नवीन बिरला, सोनू, राजकुमार, गौरव, राहुल, आसिफ, प्रदीप, पंकज, गौतम, विजय, बैबी, पूनम कौर, सुषमा, रेशमा, पूनम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
