गागलहेड़ी पुलिस ने पकड़े तीन शातिर वाहन चोर, तीन मोटरसाइकिलें की बरामद
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार विगत 21 अप्रैल को वादी शहजाद पुत्र आस मोहम्मद निवासी मक्का बांस तहसील व जिला सहारनपुर ने थाने में लिखित तहरी देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने उसकी मोटरसाइकिल संख्या- यूपी11बीपी-7360 चोरी कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा-303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार व उपनिरीक्षक रविकांत के नेतृत्व में चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मुकदमा उपरोक्त में शामिल तीन शातिर वाहन चोरों फरमान उर्फ काला पुत्र सलीम निवासी कुम्हारहेड़ा थाना सरसावा, शाहिद पुत्र दीन मौहम्मद व अनीस पुत्र यूसुफ निवासीगण बंजारा बस्ती कैलाशपुर थाना गागलहेड़ी को हिंडन नदी के पुराने पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर ली। दबोचे गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके खिलाफ अलग-अलग थानों में भिन्न-भिन्न धाराओं में तीन-तीन मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों का वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया।
