दिव्यांशु हत्याकांड के विरोध में राकेश टिकैत करेंगे देहरादून कूच, किसानों के साथ होगा प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ देहरादून की ओर कूच करेंगे. यह प्रदर्शन हाल ही में सामने आए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर किया जा रहा है. इस मामले को लेकर किसानों और सामाजिक संगठनों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है.
राकेश टिकैत ने जानकारी देते हुए कहा कि वे सुबह करीब 11 बजे देहरादून के आशारोड़ी क्षेत्र में पहुंचेंगे, जहां से आगे की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने समाज में डर का माहौल पैदा कर दिया है, जो बेहद चिंताजनक है. राकेश टिकैत ने दिव्यांशु जाटराणा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से छात्रों के एक समूह ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया, उससे युवाओं के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है. उन्होंने मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.
पुलिस ने किए कड़े इंतजाम, आशारोड़ी में लगेगी बैरिकेडिंग
दूसरी ओर, प्रशासन और पुलिस ने इस प्रस्तावित दून कूच को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आशारोड़ी में बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को आगे बढ़ने से रोका जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों से ज्ञापन प्राप्त करेंगे, ताकि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जा सके. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
अब दिव्यांशु हत्याकांड को लेकर बढ़ता जनाक्रोश अब सड़कों पर उतरता दिखाई दे रहा है. राकेश टिकैत के नेतृत्व में होने वाला यह प्रदर्शन सरकार और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है.
