DUSU में NSUI की हार पर राहुल गांधी सख्त, एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के खराब प्रदर्शन को लेकर अब संगठन के अंदर जवाबदेही तय करने की तैयारी शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाने को गंभीरता से लिया है और हार के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से DUSU चुनाव में NSUI के प्रदर्शन को लेकर रिपोर्ट मांगी है. राहुल गांधी ने एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है. इसके बाद वेणुगोपाल ने NSUI से जुड़े नेताओं से बातचीत शुरू कर दी है, ताकि हार की वजहों को समझा जा सके.
कन्हैया कुमार से मांगा गया जवाब
बताया जा रहा है कि संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को तलब कर चुनावी प्रदर्शन पर रिपोर्ट मांगी है. उनसे खास तौर पर यह जानने को कहा गया है कि NSUI एक भी सीट जीतने में क्यों नाकाम रही और चुनाव के दौरान किन स्तरों पर कमियां रह गईं.
सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. पूछा गया है कि प्रत्याशियों के चयन का आधार क्या था और टिकट देने से पहले किन पहलुओं पर विचार किया गया.
उपाध्यक्ष पद पर NSUI से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले दीपांशु शौकीन की जीत को भी इस समीक्षा में अहम माना जा रहा है. उनसे जुड़े सवाल में यह भी पूछा गया है कि आखिर उन्हें NSUI का टिकट क्यों नहीं दिया गया.
बेहतर तालमेल पर उठे सवाल
संगठन के स्तर पर बड़े युवा नेताओं के बीच बेहतर तालमेल और कोऑर्डिनेशन नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. पार्टी नेतृत्व यह जानना चाहता है कि चुनाव के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय में कहां कमी रही.
NSUI अध्यक्ष और प्रभारी से भी होगी बात
सूत्रों के मुताबिक, NSUI के अध्यक्ष और प्रभारी से भी बात कर पूरी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट में हार के लिए जिम्मेदार लोगों और संगठनात्मक कमियों का ब्योरा शामिल किया जाएगा. इसके बाद पार्टी नेतृत्व आगे की कार्रवाई पर फैसला ले सकता है.
