शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में गाँधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
गंगोह [24CN] : दिनांक 02-10-2026 दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुँवर शेखर विजेंद्र आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह एवं उपस्थित सभी चिकित्सकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) विकास कुमार शर्मा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन संघर्ष, देश के प्रति उनके त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों महान नेताओं का जीवन प्रत्येक नागरिक को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा ली।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कार्यक्रम के आयोजकों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। अपने शुभकामना सन्देश में उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रो.(डॉ.) कृष्णानंद, प्रो.(डॉ.) आनंद प्रताप सिंह, प्रो.(डॉ.) परमेश्वरम, प्रो.(डॉ.) मंगेश, प्रो.(डॉ.) तृप्ति आचार्य, डॉ. जयलक्ष्मी, डॉ. वंदना, डॉ. विष्णु, डॉ. शगुफ्ता, डॉ. ललित शर्मा, डॉ. नरेंद्र शेखावत, महेंद्र सिंह, अंकुर भारती, परमिंदर, संदीप, दीपा सहित चिकित्सक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
