रामगोपाल यादव की राजकुमार भाटी को चेतावनी, बोले- बयानबाजी नहीं रुकी तो पार्टी से हो सकती है छुट्टी

रामगोपाल यादव की राजकुमार भाटी को चेतावनी, बोले- बयानबाजी नहीं रुकी तो पार्टी से हो सकती है छुट्टी

एमएलसी चुनाव में मतदान करने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा नेता राजकुमार भाटी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी। साथ ही भाजपा और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर भी तीखा हमला बोला।

राजकुमार भाटी को पार्टी से निकालने की चेतावनी

रामगोपाल यादव ने राजकुमार भाटी के बयान से पार्टी को अलग करते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान हो सकता है, लेकिन समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। उन्हें इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राजकुमार भाटी लगातार ऐसे बयान देते रहे तो उन्हें पार्टी से भी हटाया जा सकता है।

भाजपा पर निशाना, सत्तापक्ष को बताया ‘ढपोल शंख’

एमएलसी चुनाव को लेकर रामगोपाल यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की तैयारियां जबरदस्त हैं और मतदान भी तेजी से हो रहा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष बातें तो बहुत करता है, लेकिन धरातल पर काम कुछ नहीं करता।

उन्होंने सत्तापक्ष को ‘ढपोल शंख’ बताते हुए एक चौपाई का भी उल्लेख किया और भाजपा की कार्यशैली पर तंज कसा।

ओमप्रकाश राजभर को बताया मूर्ख

सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर रामगोपाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राजभर को मूर्ख बताते हुए उन पर कटाक्ष किया।

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान की मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। दोनों नेताओं के बीच लगातार मुलाकात होती रहती है। आजम खान समाजवादी पार्टी के नेता हैं और उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात को किसी नए राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

Leave a Reply