यूपी-बिहार समेत चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर आज मतदान, 27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे
उत्तर प्रदेश और बिहार समेत चार राज्यों में आज शुक्रवार (23 अक्टूबर) को विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी। उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटों सहित कुल 28 सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
यूपी में 11 सीटों पर मतदान, बीजेपी-सपा के बीच मुकाबला
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। प्रदेश के 72 जिलों में कुल 14.81 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव के लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं और 152 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 11 प्रेक्षक, 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इस चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चर्चा में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक प्रभाव वाले इस क्षेत्र में दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी है।
बिहार की आठ सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
बिहार में कुल 5,32,847 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 933 बूथ बनाए गए हैं। आठ सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार में एनडीए के साथ ही महागठबंधन और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवार तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आमने-सामने हैं। इससे मुकाबला और रोचक हो गया है।
मतपत्र से मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना
विधान परिषद चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय मतपत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं को अपनी पहचान साबित करने के लिए निर्धारित पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
चारों राज्यों की सभी 28 सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। इसी दिन उम्मीदवारों की जीत-हार की तस्वीर साफ होगी।
