‘वो औलाद की तरह…’, अखिलेश से मुलाकात के बाद बोलीं आजम खान की पत्नी

‘वो औलाद की तरह…’, अखिलेश से मुलाकात के बाद बोलीं आजम खान की पत्नी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान से रामपुर जेल में मुलाक़ात की. इसके बाद सपा मुखिया ने उनके घर भी गए और उनके परिवार से मिले. अखिलेश से मुलाकात पर आज़म की पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा इस पारिवारिक बताया और कहा कि आजम उन्हें अपने औलाद की तरह मानते हैं.

सपा मुखिया से मुलाक़ात के बाद आज़म खान की पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने दोनों के बीच हुई बातचीत के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि “मेरी अखिलेश जी से बिल्कुल पारिवारिक बातचीत हुई, किसी तरह की कोई राजनीतिक बातचीत नहीं हुई. जो मुश्किलें हमारा परिवार झेल रहा है, उन्होंने हमसे वो सारी बातें की हैं.”

अखिलेश यादव को बताया औलाद की तरह

यूपी चुनाव को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “टिकट के संबंध में मेरी कोई बातचीत नहीं हुई हैं. मैं पहले भी कह चुकी हूं कि अखिलेश को आज़म खान अपनी औलाद की तरह मानते हैं और किसी तरह का कोई मतभेद होने का सवाल ही नहीं उठता.

जहां तक टिकट की बात है तो जैसा पार्टी मुनासिब समझेगी वैसा फैसला लेगी. ज़ाहिर सी बात है कि राय-मशविरा तो हर व्यक्ति का होता है. आज़म खान से भी राय-मशविरा लेंगे और अखिलेश जी बिना उनके राय मशविरे के कोई काम नहीं करते हैं.

असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर कही ये बात

बीते दिनों रामपुर की एआईएमआईएम की रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर आज़म परिवार का साथ नहीं देने का आरोप लगाया था. जब इसे लेकर तंजीन फातिमा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “ओवैसी साहब मेरे लिए भी सम्माननीय हैं, मैं उनका सम्मान करती हूं और उनकी कही हुई किसी बात पर मैं कोई टीका टिप्पणी नहीं करना चाहती हूं.”

बता दें कि गुरुवार को अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आज़म खान से मुलाक़ात की थी. दोनों के बीच क़रीब एक घंटे तक बातचीत हुई. जेल से बाहर आने के बाद सपा अध्यक्ष ने कहा था कि आज़म खान से उनका रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि इमोशनल है. वो हमारे दिल से जुड़े हैं. इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा और आज़म परिवार के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया.

 

Leave a Reply