यूएस-इंडिया स्पोर्ट्स एकेडमिक एंड रिसर्च डायलॉग में प्रो. संदीप गुप्ता ने लिया हिस्सा
सहारनपुर। मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की ओर से प्रोफेसर संदीप गुप्ता ने नई दिल्ली स्थित अमेरिकन सेंटर में आयोजित यूएस-इंडिया स्पोर्ट्स एकेडमिक एंड रिसर्च डायलॉग में सहभागिता की। अमेरिकी दूतावास, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीजएवं एक्यूमेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में देश के चुनिंदा विश्वविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। मंगलवार को आयोजित अर्धदिवसीय कार्यक्रम में भारत और अमेरिका के कॉलेजिएट खेल मॉडलों की तुलनात्मक समीक्षा के साथ खेल शिक्षा, अनुसंधान, खेल प्रबंधन तथा निजी क्षेत्र के सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के डिप्टी डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स डॉ. विक्रम सिंह समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ताओं में एनसीएए के पूर्व उपाध्यक्ष केविन लेनन, एआईयू की महासचिव डॉ. पंकज मित्तल, एआईयू के संयुक्त सचिव प्रो. सिंकु कुमार, अंडर सेक्रेटरी डॉ. ममता रानी अग्रवाल, इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स की अध्यक्ष मनीषा मल्होत्रा तथा प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के मुख्य व्यवसाय अधिकारी विकास सिंह शामिल रहे। संवाद के दौरान अमेरिका के प्रसिद्ध एनसीएए मॉडल और भारतीय विश्वविद्यालयी खेल ढांचे की तुलना की गई। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिकी मॉडल से सीख लेकर भारत में छात्र-एथलीटों को शिक्षा के साथ खेलों में बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी इकोसिस्टम विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा विश्वविद्यालयों, खेल अकादमियों और निजी क्षेत्र के बीच त्रिपक्षीय साझेदारी, भारत-अमेरिका विश्वविद्यालयों के मध्य संयुक्त शोध एवं खेल प्रबंधन कार्यक्रम तथा खेल विज्ञान, डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भारतीय खेल प्रणाली से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्रो. संदीप गुप्ता ने विश्वविद्यालय की ओर से खेल शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में भविष्य के सहयोग की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक सहभागिता की। उनकी इस सहभागिता को विश्वविद्यालय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई., उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडे, कुलसचिव कमल कृष्णा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, वित्त अधिकारी सूरज कुमार, उप कुलसचिव अनूप सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने प्रो. संदीप गुप्ता को बधाई दी। खेल प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भी इसे विश्वविद्यालय, सहारनपुर और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय संवाद से भविष्य में युवाओं के लिए खेल शिक्षा एवं अनुसंधान के नए अवसर खुलने की संभावना है।
