मुलायम सिंह यादव पर नंदकिशोर गुर्जर की विवादित टिप्पणी, सपा बोली- ‘विधायक की सदस्यता रद्द हो, माफी मांगें’

मुलायम सिंह यादव पर नंदकिशोर गुर्जर की विवादित टिप्पणी, सपा बोली- ‘विधायक की सदस्यता रद्द हो, माफी मांगें’

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव को लेकर गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का विवादित बयान सामने आया है। विधायक ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी के दादा नहीं होते तो मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री नहीं बन पाते।

नंदकिशोर गुर्जर ने कथित तौर पर कहा, “अगर जयंत चौधरी के दादा जी न होते, तो मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री नहीं बन पाते। मुलायम सिंह यादव सड़क के किनारे पंचर सुधारते नजर आते।”

बीजेपी विधायक के इस बयान पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अखिलेश के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें लेकर ‘चवन्नी से रुपया बनाने’ जैसी टिप्पणी की थी।

अखिलेश यादव की इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए नंदकिशोर गुर्जर ने मुलायम सिंह यादव को लेकर यह विवादित बयान दिया। बीजेपी विधायक की टिप्पणी के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आई है।

‘मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया’

सपा नेता मुजाहिद किदवई ने नंदकिशोर गुर्जर के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बेहद अफसोस की बात है कि मुलायम सिंह यादव जैसे नेता, जो कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और देश के रक्षा मंत्री का पद संभाल चुके हैं, उनके बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव को भारत सरकार ने पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। किदवई ने आरोप लगाया कि नंदकिशोर गुर्जर को राजनीति की समझ नहीं है और उन्होंने विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सपा नेता ने कहा कि विधायक की सदस्यता रद्द करने तक की कार्रवाई होनी चाहिए।

‘मुलायम सिंह यादव और उनके परिवार से माफी मांगें’

मुजाहिद किदवई ने कहा कि मुलायम सिंह यादव अब इस दुनिया में नहीं हैं और ऐसे में उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है।

उन्होंने बीजेपी विधायक से तत्काल मुलायम सिंह यादव के परिवार और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से माफी मांगने की मांग की।

‘सड़कों पर उतरेंगे, FIR कराएंगे’

सपा नेता ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के खिलाफ दिए गए बयान को पार्टी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरेंगे और FIR दर्ज कराएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अदालत का रुख करेगी और इस मामले में हर संभव कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।

मुलायम सिंह यादव पर बीजेपी विधायक की टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सपा और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply