नगरायुक्त ने अधिकारियों को दिए अविलंब कार्रवाई के निर्देश
सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने अतिक्रमण सम्बंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रवर्तन दल तथा सफाई सम्बंधी समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को स्थलीय निरीक्षण कर अविलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान ये निर्देश दिए। नौ समस्याओं में से एक समस्या का तत्काल समाधान कराया गया। वार्ड 04 पंत विहार निवासी देशपाल शर्मा ने ओम चैक पर नालियों से अतिक्रमण हटाने, वार्ड 06 हलालपुर निवासी संजीव शर्मा ने पड़ौसी द्वारा अवैध रुप से दीवार बनाकर अतिक्रमण करने की ओर ध्यान दिलाते हुए उसे हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जबकि वार्ड 46 ज्ञान विहार कॉलोनी निवासी सुभाष प्रजापति ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उठाया गया सामान वापिस दिलाने की मांग की।
जिस पर नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड 04 जे जे पुरम निवासी राजेंद्र कुमार ने कॉलोनी में नाली की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक व सफाई मित्र को भेजकर अविलंब समस्या का समाधान करा दिया गया। इसके अलावा वार्ड 43 पीर जियो वाली मस्जिद निवासी नाजिर जमाल ने भी साफ सफाई कराने तथा देशपाल शर्मा ने ओम चैक की नालियों की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर नगरायुक्त ने सफाई निरीक्षकों को स्थलीय निरीक्षण कर अविलंब कार्रवाई करने को कहा है। इसके अतिरिक्त वार्ड 16 शिवाजी नगर निवासी धर्म सिंह ने खराब पड़ी लाइटों को ठीक कराने, वार्ड 07 आदर्श नगर निवासी अमित कुमार ने आदर्शनगर में बंद सीवर लाइन को खोलने व सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए, जिस पर सम्बंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण उपरांत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्यंुजय सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
