मिर्जापुर पुलिस ने शातिर बाइक चोर को दबोचा, चोरी की स्प्लेंडर बरामद
मुखबिर की सूचना पर प्याजगढ़ की पुलिया के पास से आरोपी गिरफ्तार, बाइक चोरी के मामले का किया खुलासा
बेहट। थाना मिर्जापुर पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आबाद पुत्र जिंदा निवासी मोहम्मदपुर झाझर उर्फ डाडल ने थाना मिर्जापुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर UP11-CH-4581) चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने ग्राम प्याजगढ़ की पुलिया के पास घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त अहकाम पुत्र इरफान निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से बाइक चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है।
