आकाश आनंद का भाजपा पर हमला, सपा को बताया बीजेपी की ‘बी’ टीम

आकाश आनंद का भाजपा पर हमला, सपा को बताया बीजेपी की ‘बी’ टीम

बोले- मायावती के शासन में था कानून का राज, महिलाएं खुद को मानती थीं सुरक्षित; 2027 में बहनजी पांचवीं बार बनेंगी मुख्यमंत्री

नकुड़ से बसपा प्रत्याशी नरेश सैनी को जिताने की अपील, बेरोजगारी, शिक्षा और आरक्षण के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा

सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को सहारनपुर में आयोजित जनसभा में भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा और आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर योगी सरकार को घेरा। साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। आकाश आनंद ने सपा को भाजपा की ‘बी’ टीम बताते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत करने और मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।

आकाश आनंद अंबाला रोड पर बसपा के नकुड़ विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नरेश सैनी की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से बसपा के घोषित प्रत्याशी नरेश सैनी को विजयी बनाने की अपील भी की।

कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

आकाश आनंद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में हत्या, महिला अपराध और संगठित अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही खुद को एनकाउंटर वाली सरकार बताती हो, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने दावा किया कि मायावती के शासनकाल में प्रदेश में कानून का राज था और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करती थीं। आकाश आनंद ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार बनेगी और मायावती पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगी।

बेरोजगारी और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा

शिक्षा और रोजगार के सवाल पर आकाश आनंद ने सरकारी स्कूलों के बंद होने, शिक्षकों की लंबित भर्तियों और युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय मुफ्त राशन को सरकार अपनी उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने तथा भविष्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की क्या योजना है।

जनसभा में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ‘जय भीम’ के नारों के साथ आकाश आनंद का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली, रणधीर सिंह बेनीवाल, नरेश कुमार सैनी, मेघराज सिंह जरावरे, जनेश्वर प्रसाद, जगपाल सिंह, प्रताप सिंह, मास्टर ऋषिपाल, नरेंद्र कुमार, रामकुमार शिंदे, राजकुमार जवालिया, डॉ. दारा सिंह, सरफराज राईन, आसिफ अली, अनिल कुमार, पप्पू, रोहित सिंह राणा, फिरोज, आफताब, मेहरबान प्रमुख, कुलदीप सिंह बालियान, स्वराज सिंह, पार्षद राजकुमार जायसवाल, दयाराम लंबा, अनिल दरिया और विजेंद्र कश्यप सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।