ग्राम पहासू में रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन, 16 गांवों की टीमों ने लिया हिस्सा

ग्राम पहासू में रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन, 16 गांवों की टीमों ने लिया हिस्सा

राधेश्याम की टीम ने मारी बाजी, सरदारा की टीम दूसरे और साढ़ौली हरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही

ओमवीर सिंह बोले- खेलों से बढ़ता है अनुशासन, सहयोग और भाईचारे का भाव

रामपुर मनिहारान। क्षेत्र के ग्राम पहासू में युवा क्लब के तत्वावधान में पारंपरिक खेल रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के करीब 16 गांवों की टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार को बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड, गंगनौली सहारनपुर के गन्ना महाप्रबंधक ओमवीर सिंह ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओमवीर सिंह ने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, एकता, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का अवसर देती हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे रामपुर मनिहारान कोतवाली प्रभारी सुनील नागर ने कहा कि गांवों में खेलकूद की परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। आजकल बच्चे अधिकतर समय मोबाइल पर बिताते हैं। उन्होंने युवाओं से समय-समय पर ऐसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया, ताकि नई पीढ़ी खेलों से जुड़े और उसका उत्साहवर्धन हो। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलों का महत्व समझाना जरूरी है।

राधेश्याम की टीम ने हासिल किया पहला स्थान

करीब 16 गांवों की टीमों के बीच हुए मुकाबलों में जंधेड़ा गांव की राधेश्याम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्राम पहासू की सरदारा की टीम दूसरे और साढ़ौली हरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सोनू कुमार, अमित कुमार, अमरेश, शालू, जय कुमार, पप्पू प्रधान, सुभाष, भोला, संदीप, सिल्लू, अंकित, राजेश, जय सिंह, श्याम सिंह, पप्पू भगत, महिपाल सिंह, संदीप फौजी, सुनील फौजी, महावीर फौजी और ब्रह्मजीत फौजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।