सहारनपुर में ईसाई समाज ने पूर्वजों की कब्रों पर की प्रार्थना, मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि
फादर एंटो जोजेफ बोले- पूर्वज हमारी धरोहर, बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी
सहारनपुर। अपने दिवंगत पूर्वजों को याद करने और उनकी आत्मा की शांति के लिए सोमवार को ईसाई समाज के लोगों ने शहर के विभिन्न कब्रिस्तानों में प्रार्थना सभा आयोजित की। इस दौरान लोगों ने अपने पूर्वजों की कब्रों पर चूना और गुलाब के फूल चढ़ाए तथा मोमबत्तियां और अगरबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जेवी जैन कॉलेज रोड और बोमनजी रोड स्थित तारावती अस्पताल के निकट बने ईसाई समाज के कब्रिस्तानों में इस आयोजन की तैयारियां पिछले एक महीने से की जा रही थीं। दो नवंबर को विश्वभर में ईसाई समाज के लोग अपने दिवंगत पूर्वजों को याद करते हैं। इसी क्रम में सेंट थॉमस कब्रिस्तान में फादर जॉन चिमन और जैन कॉलेज रोड स्थित कब्रिस्तान में फादर एंटो जोजेफ ने प्रार्थना सभा कराई।
इस अवसर पर फादर एंटो जोजेफ ने कहा कि हमारे पूर्वज हमारी धरोहर हैं। हमें अपने बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करने के साथ उनके स्वास्थ्य, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखना चाहिए। बुजुर्गों को बच्चों की तरह देखभाल और स्नेह की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि आज समाज के लोग अपने दिवंगत पूर्वजों को याद कर उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि जिन लोगों का निधन हो चुका है, उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।
सुबह से ही कब्रिस्तानों में ईसाई समाज के लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने अपने परिजनों और पूर्वजों की कब्रों को सजाया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान सिस्टर प्रिंसिपल शीला सोलंकी, अर्चना जॉय, अनुपम फ्रांसिस, लुईजा, प्रोमिला, अंजना, अन्नू विलियम, एंजेला विक्टर, विशाल, नीरज जॉय, अनुभव एलेक्स, एलेक जॉय सहित बड़ी संख्या में ईसाई समाज के नागरिक मौजूद रहे।
