सहारनपुर में यातायात माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकालकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
सहारनपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में यातायात माह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन सहारनपुर से एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली में यातायात पुलिस के क्रेन, इंटरसेप्टर, दोपहिया मोबाइल, यूपी-112 के दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल रहे। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव, संभागीय परिवहन अधिकारी भास्कर जी. सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एमपी सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक सारिका चौधरी, सीओ अपराध प्रिया यादव, यातायात प्रभारी निरीक्षक अमित तोमर और चीफ ट्रैफिक वार्डन योगेंद्र दुधेरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्कूल-कॉलेजों में भी चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
यातायात माह के दौरान पुलिस विभिन्न माध्यमों से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी। इसके तहत वाहन चालकों को पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठी और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के बारे में बताया जाएगा।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
