आकाश आनंद पर मायावती का नया बयान, कहा- अभी बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं

आकाश आनंद पर मायावती का नया बयान, कहा- अभी बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं
आकाश आनंद

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर बड़ा बयान दिया है. आकाश आनंद पर मायावती ने कहा कि आकाश को पार्टी में काम करने की इजाजत है. लेकिन आकाश आनंद को अभी और मेच्योर होने की ज़रूरत है. तब तक आकाश आनंद को अभी बड़ी ज़िम्मेदारी देना उचित नहीं होगा.

बसपा द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता एवं संस्थापक  कांशीराम के संकल्प व समर्पण की तरह ही, मेरे लिये भी ’बहुजन समाज’ का हित, कल्याण व उसकी अस्मिता अर्थात्  बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट द्वारा ’शोषित वर्ग को शासक वर्ग’ बनाने का मिशनरी लक्ष्य सर्वोपरि है और इस महान लक्ष्य की प्राप्ति के लिये निजी तौर पर मेरा ना तो कोई अपना है और ना ही पराया. जो भी बी.एस.पी व बहुजनों के हित के काम करेगा उसका स्वागत व आभार भी है.

‘उस संकल्प पर मैं भी पूरी तरह से कायम’

बसपा चीफ ने कहा कि और इसीलिये जिस प्रकार मान्यवर कांशीराम ने अपने परिवार के लोगों व अन्य रिश्तों-नातों आदि को पार्टी कार्य में सहयोग करने की छूट तो दे दी थी, किन्तु उन्हें चुनाव लड़ाने या सरकार बनने पर कोई भी पद आदि देने के वे खिलाफ थे, उसी प्रकार से उस संकल्प पर मैं भी पूरी तरह से कायम हूं.

मायावती ने कहा कि जिस पर अमल करते हुये ही मैंने आकाश आनन्द को पार्टी में कार्य करने की तो इनको इजाजत दी है, जो हकीकत आप सभी लोगों के सामने है, लेकिन इस मामले में आकाश आनन्द को अभी और अधिक परिपक्व/मैच्योर होने की जरुरत है. तब तक इनको पार्टी की अभी बड़ी जिम्मेवारी देना उचित नहीं होगा, जो कि विरोधियों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकण्डों को इस्तेमाल करके चुनाव में हानि पहुंचाने से बचने के लिये भी समय की जरूरत है.

Leave a Reply