एकाग्रता से मनुष्य होता है मजबूत: भंते विनाचार्य
सहारनपुर। भीम आर्मी जय भीम संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह नौटियाल ने कहा कि बौद्ध धम्म की वजह से दुनियां में भारत की विशेष पहचान है और सामाजिक व्यवस्था में परिवर्तन के बिना राजनीतिक परिवर्तन संभव नहीं है।
श्री नौटियाल आज बेहट रोड स्थित चकसराय में शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर महाबोधि महाविहार यात्रा के संबंध में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा समाज सभी आंदोलनों में सक्रिय रहा है, लेकिन कुछ मुट्ठीभर लोग लगातार हमारे आरक्षण का विरोध करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। भंते विनाचार्य ने कहा कि एकाग्रता से व्यक्ति मजबूत होता है। इसलिए समाज को अपनी सत्ता को पहचानना चाहिए। उन्होंने समाज में फैल रही नशे जैसी बुरी आदत से दूर रहने आह्वान कियां उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार के बोधगया में स्थित महाबोधि विहार को पंडे पुजारियों से आजादी दिलाने लाने के लिए आगामी 26 अगस्त को लखनऊ से यात्रा शुरू होगी जो 13 सितम्बर को सहारनपुर पहुंचेगी।
लुधियाना से पहुंचे प्रसिद्ध रेसलर सुल्तान सिंह ने कहा कि सतगुरु रविदास जी महाराज की कृपा से भारत में वह इकलौते डब्लूडब्लूई के चैंपियन हैं क्योंकि वह जब रिंग में उतरते हैं तो जय गुरु रविदास जय भीम का नारा लगाते हैं। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने और गुरुजी के मिशन को आगे बढ़ाने की बात कही। रेसलर जितेन्द्र डागर ने खेल के क्षेत्र में समाज के युवाओं से आगे आने की बात कही। महात्मा सतीश दास खरखड़ी, पुरकाजी से पहुंची पूजा अंबेडकर, श्रीगुरु रविदास आर्मी के अध्यक्ष बिट्टू खालसा ने भी विचार रखे। संचालन श्री गुरु रविदास सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गौतम ने सभी से आपसी मनमुटाव भुलाकर आपस में मिलजुलकर रहने की बात कही। इस अवसर पर रोहित गौतम ने मन चंगा का संदेश दिया। कार्यक्रम संयोजक श्रीमती मैना बौद्ध ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान धीरज बौद्ध, अभिषेक जधेड़ी, धर्मसिंह प्रजापति, अनिकेत सिंधी, अमरजीत, शुभम,अभिषेक, विशाल, दिनेश, मनोज, रवींद्र, विपिन, सुजीत कुमार पेगवाल, ममता, बबीता, बबली, गीता, संजना, समेत आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
