अवैध खनन के विरूद्ध नकुड़ पुलिस की बड़ी कार्यवाही
यमुना नदी से अवैध खनन भरकर लाते दो ट्रैक्टर-ट्राली सीज
नकुड़। कोतवाली पुलिस ने अवैध खनन सामग्री परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर सीज कर दिया। जनपद पुलिस द्वारा एसएसपी अभिमन्यु के निर्देश पर अवैध खनन परिवहन करने वालों के विरूद्ध सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना नकुड़ पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा व उपनिरीक्षक रविंद्र धामा के नेतृत्व में चैकिंग के दौरान अवैध खनन की सूचना पर ग्राम टाकर के पास दो नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टरों को रेत से भरे डबल ट्राला को रोककर चैकिंग करने का प्रयास किया तो चालक मौके से फरार हो गए। दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों से अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था। दोनों ट्रैक्टरों को मय खनिज यमुना की बालू से भरी ट्रालियों सहित थाना परिसर में लाकर खड़ा कर दिया। पुलिस ने खनन सम्बंधी अग्रिम कार्यवाही के लिए सम्बंधित विभागों को रिपोर्ट भेज दी है।
