LIVE UP MLC Election Results: शिक्षक क्षेत्र में भाजपा ने मेरठ, आगरा, लखनऊ व मुरदाबाद में बढ़त बनाई, शिक्षक नेता ओम प्रकाश शर्मा पीछे

LIVE UP MLC Election Results: शिक्षक क्षेत्र में भाजपा ने मेरठ, आगरा, लखनऊ व मुरदाबाद में बढ़त बनाई, शिक्षक नेता ओम प्रकाश शर्मा पीछे

लखनऊ । शिक्षकों की राजनीति के सबसे अहम चुनाव विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर मतगणना के बीच में उलटफेर का भी होना तय है। करीब 40 वर्ष से यानी लगातार आठ बार से विधान परिषद सदस्य रहे मेरठ से ओम प्रकाश शर्मा के किले में इस बार सेंध लग गई है। मेरठ शिक्षक क्षेत्र सीट से भारतीय जनता पार्टी के श्रीचंद शर्मा ने ओम प्रकाश शर्मा पर बढ़त बना ली है। इस बार शिक्षक तथा स्नातक की 11 सीट पर 199 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

विधान परिषद के शिक्षक क्षेत्र की सीटों की गिनती में मुरादाबाद के साथ ही लखनऊ में भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बढ़त पर हैं। विधान परिषद की 11 सीटों पर आज आने वाले नतीजे से शिक्षक राजनीति की दिशा तय होगी। इसमें भी खासकर शर्मा गुट का भविष्य तय होगा और भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के दम-खम का आंकलन भी होगा।

मेरठ भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने बनाई ओम प्रकाश शर्मा पर बढ़त

भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने मेरठ शिक्षक सीट से लगातार आठ बार विधान परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा के खिलाफ 4300 मत की बढ़त बना ली है। श्रचंद शर्मा पहले चक्र की गणना से ही ओम प्रकाश शर्मा से आगे चल रहे हैं। शिक्षक सीट पर ही आठ बार से लगातार विधान परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा को इस बार झटका लग सकता है। पहले चक्र में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को 2854 वोट मिले जबकि ओम प्रकाश शर्मा को 894 वोट मिले थे। विधान परिषद सदस्य तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा की उम्र 87 वर्ष है। एमए अंग्रेजी के साथ बीएड ओम प्रकाश शर्मा लम्बे समय से शिक्षकों की राजनीति कर रहे हैं। निर्दलीय मैदान में उतरने वाले शर्मा के परिणाम पर सभी की निगाह है।

लखनऊ में बढ़त पर भाजपा के उमेश द्विवेदी 

पहला राउंड ख़त्म,भाजपा के उमेश दिवेदी निर्दलीय मेहन्द्र नाथ राय से 2000 वोटो से आगे हैं। दूसरा राउंड शुरू हो गया है। जरुरी हुआ तो तीन राउंड होंगे, नही तो दो राउंड में ही जीत की घोषणा होगी। लखनऊ शिक्षक सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने शर्मा गुट के प्रत्याशी महेंद्रनाथ राय पर 1500 वोट की बढ़त बना ली है। विधान परिषद सदस्य निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र नाथ राय के पक्ष में वित्तविहीन शिक्षकों ने काफी प्रचार किया था। इससे पहले लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राम सिंह राणा तथा विधान परिषद सदस्य कांति सिंह के विरोध के कारण यहां पर मतगणना काफी विलंब से शुरू हो सकी।

बरेली-मुरादाबाद में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो आगे

शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी डाॅ. हरी सिंह ढिल्लो ने 4453 मतों की बढ़त ली है। दूसरे पायदान पर सपा प्रत्याशी संजय मिश्रा हैं। अब दूसरे राउंड की काउंटिंग शुरू हो चुकी है। कांग्रेस प्रत्याशी मेहंदी हसन को 73 वोट, संजय मिश्रा को 1201 वोट, निर्दलीय अभिषेक द्विवेदी को एक, आशुतोष शर्मा को 23 वोट,  हाजी दानिश अख्तर 237, पीयूष सिंह राठौर को सात, पुष्पेंद्र कुमार को दो, बाल कृष्ण मिश्रा को 16, डॉ मेहताब अली को 38, डॉ राजेन्द्र गंगवार को 162, राम बाबू शास्त्री को 432, विनय खंडेलवाल को 138, डॉ सुनीत गिरी को 331 और सुभाष चन्द्र शर्मा को 456 वोट मिले हैं। पहले राउंट में आठ हजार वोट की काउंटिंग में 430 मत निरस्त हुए हैं।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में ध्रुव त्रिपाठी आगे

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के प्रथम चरण में निवर्तमान एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, अजय सिंह व सपा प्रत्याशी में टक्कर चल रही थी। प्रथम वरीयता के 14 हजार मतों की गिनती के बाद ध्रुव त्रिपाठी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय सिंह से 102 वोट से आगे हैं।

आगरा में भाजपा के दिनेश वशिष्ठ को बढ़त

आगरा में एमएलसी चुनाव में शिक्षक सीट में भाजपा प्रत्याशी दिनेश वशिष्ठ 208 वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां पर पायदान पर निर्दलीय प्रत्याशी आकाश हैं। समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधान परिषद सदस्य पीछे हैं। आगरा में स्नातक में 29 और शिक्षक में 11 राउंड की मतगणना होगी। खंड स्‍नातक पद के लिए कुल 41.56 और शिक्षक पद पर कुल 70.78 फीसद मतदान हुआ था। शिक्षक पद के लिए नतीजे पहले सामने आएंगे। एक बजे तक सभी मतपेटिकाओं से निकले वोटों की मिक्सिंग की जा रही थी। फीरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति में मतगणना पंडाल में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्याशियों और अफसरों की मौजूदगी में स्नातक के पांच और शिक्षक के दो स्ट्रांग रूम को सील किया गया। स्नातक सीट पर डा. असीम यादव-सपा, मानवेंद्र प्रताप सिंह-भाजपा व राजेश कुमार द्विवेदी- इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। 27 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। शिक्षक सीट पर दिनेश चंद वशिष्ठ-भाजपा व हेवेंद्र सिंह-सपा के प्रत्याशी हैं। यहां पर 14 निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

अब तक पूरी तरह हावी रहा ओम प्रकाश शर्मा गुट 

शिक्षक और स्नातक कोटे के एमएलसी चुनाव में अब तक ओम प्रकाश शर्मा गुट पूरी तरह हावी रहा है। इस बार के चुनाव में भाजपा ने शर्मा गुट के सियासी वर्चस्व तोडऩे के लिए शिक्षक कोटे की सीटों पर पहली बार अपने उम्मीदवार उतारे हैं। शिक्षक कोटे से मेरठ क्षेत्र पर ओम प्रकाश शर्मा का कब्जा है। शर्मा पिछले 48 साल अर्थात आठ बार से लगातार एमएलसी निर्वाचित होते आ रहे हैं। वह नौवीं बार फिर से मैदान में उतरे हैं।

मेरठ की स्नातक सीट से भी उनके ही गुट के हेम सिंह पुंडीर लगातार चार बार से एमएलसी चुने गए और एक बार फिर किस्मत आजमा रहे हैं। ब्राह्मण और ठाकुर समीकरण के सहारे ओम प्रकाश शर्मा गुट का शिक्षक और स्नातक कोटे की एमएलसी सीटों पर एकछत्र राज है। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से दो पर भारतीय जनता पार्टी, दो पर समाजवादी पार्टी, चार पर शर्मा गुट और तीन पर निर्दलीय का कब्जा है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे