कानून व्यवस्था और जनसुनवाई रहेगी प्राथमिकता: नगर मजिस्ट्रेट रामकेश
सहारनपुर। नवागत नगर मजिस्ट्रेट रामकेश ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना और जनसुनवाई के माध्यम से पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही आगामी आम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
बदायूं सहकारी चीनी मिल से स्थानांतरित होकर सहारनपुर आए नगर मजिस्ट्रेट रामकेश ने विशेष वार्ता में बताया कि वह इससे पहले बिजनौर, संभल और कन्नौज में उप जिलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद उनकी तैनाती बदायूं सहकारी चीनी मिल में महाप्रबंधक के पद पर हुई थी। अब स्थानांतरण के बाद उन्होंने सहारनपुर में नगर मजिस्ट्रेट का कार्यभार संभाला है।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नगर मजिस्ट्रेट ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
