कृषि और पर्यावरणीय स्थिरता पर अंतरराष्ट्रीय ई-कॉन्फ्रेंस शुरू, 45 शोध सारांश प्रस्तुत

कृषि और पर्यावरणीय स्थिरता पर अंतरराष्ट्रीय ई-कॉन्फ्रेंस शुरू, 45 शोध सारांश प्रस्तुत

सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में कृषि एवं पर्यावरणीय स्थिरता विषय पर द्वितीय अंतरराष्ट्रीय ई-कॉन्फ्रेंस-2026 का बुधवार को ऑनलाइन शुभारंभ हुआ। 18 से 20 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और शोधार्थी सतत कृषि, जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरणीय चुनौतियों से जुड़े शोध और विचार साझा कर रहे हैं। सम्मेलन में कुल 45 शोध सारांश प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

सम्मेलन का आयोजन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बॉटनी, स्कूल ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज और आउटरीच सेल की ओर से सोसाइटी फॉर एग्रोएनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी, देहरादून के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। सम्मेलन संयोजक डॉ. संदीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी, शिलांग के कुलपति प्रो. एसके बारिक ने जैव विविधता संरक्षण, वन पारिस्थितिकी और जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में वैज्ञानिक अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई. ने अध्यक्षीय संबोधन में कुलाधिपति के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। सह-संयोजक डॉ. हर्ष सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि आयोजन सचिव डॉ. पंकज कुमार ने तकनीकी प्रस्तुतियों का अवलोकन कराया।

कनाडा की साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी के डॉ. बशीर एडेलोडुन और रीजनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी, फरीदाबाद के डॉ. रामू एस. वेमन्ना ने कृषि पारिस्थितिकी, जलवायु अनुकूलन, जीनोम प्लास्टिसिटी और फसल सुधार जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए। सत्र के दौरान शोधार्थियों ने बायोचार, मृदा स्वास्थ्य, जैव उर्वरक, फसल सुधार, जैव विविधता, कृषि अपशिष्ट प्रबंधन और पौधों की तनाव सहनशीलता से संबंधित शोध पत्र प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में कुलसचिव कमल कृष्ण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, डॉ. विनोद कुमार, प्रो. राजकुमार, डॉ. सुरेंद्र कुमार, कोमल त्यागी, डॉ. अभिषेक शर्मा, अभिषेक सैनी और रोशनी मोदी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। मंच संचालन सुश्री वाजिहा और सुश्री काशिक्षा नौटियाल ने किया।