विराट के ऑलराउंड प्रदर्शन से रेनबो स्कूल की जीत, ब्राउनवुड ने एयरफोर्स को 183 रन से हराया

विराट के ऑलराउंड प्रदर्शन से रेनबो स्कूल की जीत, ब्राउनवुड ने एयरफोर्स को 183 रन से हराया

सहारनपुर। चौथी जिला अंतरविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में रेनबो स्कूल ने दिव्या पब्लिक स्कूल को चार विकेट से शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में ब्राउनवुड स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एयरफोर्स स्कूल को 183 रन से करारी मात दी। प्रतियोगिता में गुरुवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

पहले मुकाबले में रेनबो स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिव्या पब्लिक स्कूल की टीम 13 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अनुराग ने 29 और शिवा ने 19 रन का योगदान दिया। रेनबो स्कूल की ओर से विराट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनबो स्कूल की टीम ने 17 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट ने 18, जबकि कनव और आयुष ने 14-14 रन बनाए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विराट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में ब्राउनवुड स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 241 रन बनाए। मोहम्मद असद ने महज 35 गेंदों में 116 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि फैज ने 26 गेंदों में 39 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एयरफोर्स स्कूल की टीम ब्राउनवुड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 58 रन पर सिमट गई। ब्राउनवुड की ओर से हम्माद और उमर ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए मोहम्मद असद को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले क्वार्टर फाइनल में नालंदा वर्ल्ड स्कूल का मुकाबला ब्राउनवुड स्कूल से होगा, जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल और सेंट मैरी एकेडमी, मिशन कंपाउंड की टीमें आमने-सामने होंगी।

प्रतियोगिता के आयोजन में स्कूल प्रबंधक मुकुल चौधरी, चेयरमैन सुभाष चौधरी, प्रधानाचार्य आशुतोष शर्मा, कोच विवेक शर्मा, विक्रांत सिंह विक्की, पीटीआई मनपाल सिंह, अक्षय कुमार, श्रीकांत चौधरी और मानसी धीमान का विशेष सहयोग रहा।