NEET विवाद पर खड़गे का मोदी सरकार पर हमला, बोले- ‘अगर शर्म है तो अमित शाह से इस्तीफा दिलवाइए’
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त करने के बावजूद सरकार उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है और उन्हें हिरासत में लेकर बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसी मुद्दे पर खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा लेने की मांग भी की।
सोशल मीडिया मंच X पर जारी अपने बयान में खड़गे ने कहा कि भाजपा सरकारों ने यह भरोसा दिया था कि आंदोलन समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब उसी वादे से पीछे हटकर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 10 दिन पहले छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। खड़गे ने 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में निकाले गए ‘संसद चलो’ मार्च और देशभर में हुए छात्र प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन वापस लेने के बाद भी छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि छात्रों ने इस शर्त पर आंदोलन समाप्त किया था कि उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है और एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कई छात्र प्रदर्शनकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए गए और कुछ युवा महिलाओं की निजी जानकारी सार्वजनिक (डॉक्स) की गई।
खड़गे ने सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे पर संसद में कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार के अहंकार को दर्शाता है कि गृह मंत्री संसद में आकर इस मामले पर जवाब देने से भी बचते रहे।
अपने बयान के अंत में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की छवि बचाने के प्रयास अब सफल नहीं होंगे क्योंकि युवा सब कुछ देख रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि यदि सरकार में “ज़रा भी शर्म बची है”, तो गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
