कांवड़ यात्रा 2026: 160 किलोमीटर मार्ग पर व्यापक इंतजाम, 685 सफाईकर्मी तैनात

कांवड़ यात्रा 2026: 160 किलोमीटर मार्ग पर व्यापक इंतजाम, 685 सफाईकर्मी तैनात

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा 2026 को सुचारु, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए जिला पंचायत राज विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग का दावा है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिले के तीन प्रमुख कांवड़ मार्गों की कुल 160 किलोमीटर लंबी दूरी पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सामुदायिक शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्गों पर कुल 86 कांवड़ शिविर, 35 सामुदायिक शौचालय, 89 हैंडपंप और 37 कूड़ेदान स्थापित किए गए हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए 685 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है, जिन्हें तीन शिफ्टों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि सभी कांवड़ शिविरों और मार्गों पर सफाईकर्मी आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में कार्य कर रहे हैं, ताकि पूरे समय सफाई व्यवस्था बनी रहे। वहीं, 35 सामुदायिक शौचालयों पर भी सफाई कर्मचारियों को दो-दो 12 घंटे की शिफ्टों में लगाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को चौबीसों घंटे स्वच्छ सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि सभी सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए चार अस्थायी शौचालय भी बनाए गए हैं। इसके अलावा, कांवड़ मार्गों पर स्थित सभी 89 हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह चालू कर दिया गया है, ताकि यात्रियों को पेयजल की कोई समस्या न हो।