कांवड़ यात्रा 2026: मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, खाद्य पदार्थों की सघन जांच

कांवड़ यात्रा 2026: मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, खाद्य पदार्थों की सघन जांच

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों को देखते हुए सहारनपुर जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। इसके तहत मिठाई की दुकानों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी और निरीक्षण किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मिठाई, दूध, पनीर, खोया, खाद्य तेल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही अचानक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। यदि किसी प्रतिष्ठान में मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुलदीप सिंह ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और गुणवत्ता व स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखें।