‘सब पैसे की गर्मी है…’, आपस में भिड़े सपा नेता तो भड़के अखिलेश यादव

‘सब पैसे की गर्मी है…’, आपस में भिड़े सपा नेता तो भड़के अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सपा मुखिया एटा से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव और उनके भतीजे सुबोध यादव को लेकर तंज कसते दिखाई दे रहे हैं. अखिलेश यादव ने यहां तक रह दिया कि दोनों बड़े नेता है उनमें पैसे की गर्मी आ गई है. उनके इस बयान को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है.

अपने ही नेता पर भड़के अखिलेश यादव

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद एटा में सपा पार्टी के अंदर की सियासत तेज हो गई है. रविवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सपा मुखिया से पत्रकारों ने सपा नेता सुबोध और उनके चाचा जोगिंदर को लेकर सवाल किया था जिस पर अखिलेश ने कहा कि “भाई ऐसा है कि सुबोध और इनके चाचा जोगिन्दर ये सब बड़े नेता है. इन लोगों से सुझाव माँग लिया करिए. जाइए जो करना है करिए जाकर.”

सपा मुखिया यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि “जब आदमी पार्टी का कहना नहीं मान रहा है..व्यवहार ख़राब है, तब हम किससे सिर मारें. ये सब पैसे की गर्मी है, एक बात या रखना जिस पर ज्यादा पैसा हो जाएगा वो आपको छोड़कर चला जाएगा. अपनी मर्जी से काम करने लगेगा…” सपा मुखिया का ये बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है जिसे लेकर लोग अब पार्टी में मची आपसी कलह को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल ये विवाद शनिवार को लखनऊ में हुई एक बैठक से शुरू हुआ था, जब सभी नेता अखिलेश यादव को पार्टी की फ़ीडबैक दे रहे थे. दावा है कि इसी दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व विधान परिषद अध्यक्ष के भतीजे में बहस होने लगी. जिसके बाद दोनों में काफी गर्मा-गर्मी हो गई.

ये सब अखिलेश यादव के सामने हुआ. इस पर सपा मुखिया ने दोनों नेताओं को फटकार भी लगाई थी. जिसके बाद दोनों बैठक से उठकर चले गए. बाद में सपा ने एटा और कासगंज जिले की कार्यकारिणी समेत सभी इकाईयों को भंग कर दिया.

Leave a Reply