अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : पूरी दिल्ली की कमान संभालेंगी महिला पुलिसकर्मी, पहली बार होने जा रहा बदलाव

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : पूरी दिल्ली की कमान संभालेंगी महिला पुलिसकर्मी, पहली बार होने जा रहा बदलाव

नई दिल्ली । इस बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को पूरी दिल्ली की कमान महिला पुलिस कर्मियों के हवाले होगी। जिला, थाने, यातायात व पीसीआर इत्यादि का सारा काम महिला अधिकारी व कर्मी देखेंगी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मियों को सम्मान देने के लिए दिल्ली पुलिस ने पहली बार ऐसी पहल की है। इस मौके पर महिला पुलिस स्कूल काॅलेज की छात्राओं से संपर्क करेंगी। वहीं, बुजुर्ग महिलाओं से मिलकर पुलिस से उनकी उम्मीद इत्यादि पर चर्चा की जाएगी। इस संबंध में सभी जिला व संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किया जा चुका है।

दिल्ली पुलिस के एडिशनल कमिश्नर दीपक पुरोहित ने बताया कि दिल्ली पुलिस में कुल पद में से करीब 13 फीसद संख्या महिला अधिकारी व पुलिस कर्मियों की है। 11 हजार के महिला अधिकारी व कर्मी जिले व अलग-अलग विभाग में तैनात हैं। वे बेहतर काम कर रही हैं। लेकिन, महिला दिवस के दिन उन्हें मुुख्य भूमिका सौंपी गई है। पुरुष कर्मी काम में सिर्फ उनकी मदद करेंगे। ऐसा करने का उद्देश्य महिला कर्मियों को सम्मान देने के साथ ही उनके हौसले को बढ़ाना है। 8 मार्च को सभी पुलिस स्टेशनों में महिला कर्मी ड्यूटी अधिकारी के रूप में काम करेंगी। वहीं यातायात यूनिट की कमान भी दिल्ली पुलिस की महिला कर्मियों के पास होगी। वे सड़कों पर यातायात नियमों का पालन करवाती दिखेंगी।

वहीं, पीसीआर में पीसीआर वैन की प्रभारी अथवा सहायक भी महिला ही होंगी। इस मौके पर कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महिला की स्पेशल यूनिट में तैनात महिला कर्मी अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र पर युवितयों को प्रशिक्षण देंने के अलावा उन्हें जागरूक भी करेंगी। यही नहीं महिला पुलिस अधिकारी व कर्मी स्कूल और काॅलेज की छात्राओं से आन लाइन संवाद करेंगी।

इसका समन्नवय महिला डीसीपी, एसीपी व इंस्पेक्टर द्वारा किया जाएगा। थाने में बीट में तैनात महिला कर्मी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बीट की वरिष्ठ महिला नागरिकों के घर जाकर हालचाल लेने के अलावा उनकी सुरक्षा का जायजा लेंगी। इस दिन पुलिस मुख्यालय में महिला पुलिस अधिकारियों के सभी रैंकों के लिए विशेष बैठक का आयोजन भी किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता पुलिस मुख्यालय की वरिष्ठ महिला अधिकारी करेंगी।

यह भी पढे >> अभिनेत्री राखी सावंत और उनके भाई के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज (24city.news)

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे