भगवती मेले में कवियों ने रचनाओं से कभी हंसाया तो कभी रुलाया

भगवती मेले में कवियों ने रचनाओं से कभी हंसाया तो कभी रुलाया

संस्कारों के क्षरण और सामाजिक बुराइयों पर किया कटाक्ष, शहीद की शहादत और बेटी की विदाई की रचनाओं ने श्रोताओं को किया भावुक

गंगोह (सहारनपुर)। श्री भगवती मेले में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। हास्य-व्यंग्य से भरपूर रचनाओं ने जहां श्रोताओं को हंसाकर लोटपोट कर दिया, वहीं देशभक्ति, संस्कारों के क्षरण और सामाजिक बुराइयों पर आधारित कविताओं ने लोगों को भावुक कर सोचने पर मजबूर कर दिया। कवियों ने शासन-प्रशासन और नेताओं पर तंज कसने के साथ-साथ नशाखोरी, भ्रूण हत्या, बुजुर्ग माता-पिता की पीड़ा और संस्कारविहीन होते बच्चों जैसे मुद्दों को भी अपनी रचनाओं में प्रमुखता से उठाया।

कवि सम्मेलन में कारगिल के शहीद के ताबूत में घर लौटने की मार्मिक प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। वहीं, बेटी की विदाई पर सुनाई गई रचना ने भी लोगों की आंखें नम कर दीं। सीमाओं पर संघर्ष कर रहे जवानों की परिस्थितियों और सेना पर सवाल उठाने वाले नेताओं को लेकर कवियों ने तीखे व्यंग्य किए। आशाराम बापू और राम रहीम को लेकर भी कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से कटाक्ष किया।

हास्य-व्यंग्य की रचनाओं पर खूब मिली दाद

कवि बलबीर सिंह खिचड़ी ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कवयित्री मोनिका मंतशा ने अपनी कविताओं से जमकर वाहवाही बटोरी। मोहन मुंतजिर, संजीव भ्रमर और सत्यपाल सत्यम ने भी प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

अतिथियों ने किया कवि सम्मेलन का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष नोमान मसूद और कार्यक्रम अध्यक्ष सूफी जहीर अख्तर ने दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर किया। भगवती मेला समिति और काजी नोमान मसूद के सौजन्य से आयोजित कवि सम्मेलन के संयोजक गगन गर्ग और दीपांशु गोयल रहे। कार्यक्रम का संचालन सरताज सिंह सरताज ने किया, जबकि डॉ. अमित गर्ग ने भी संचालन की जिम्मेदारी निभाई। प्रबंधक राकेश ने सभी अतिथियों और कवियों का आभार जताया। अजय ऐरन, संदीप तायल, रजत गर्ग, सुहेल खान सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।

 

Leave a Reply