नानौता में बाग के अंदर चल रहे जुए का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी कर 52 ताश के पत्ते और 5,500 रुपये किए बरामद, सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
नानौता (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नानौता-गंगोह मार्ग पर रुहाड़ा पुलिया के समीप स्थित एक बाग में पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। मौके से 52 ताश के पत्ते और कुल 5,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रुहाड़ा पुलिया के पास एक बाग में कई लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में छह अनंतमऊ गांव के निवासी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफाक पुत्र अफलातून निवासी गांव सीजुड़ तथा धीर सिंह पुत्र सोमपाल, सोनू पुत्र सुभाष, ओमिन कुमार पुत्र महीपाल, अनुज पुत्र सुरेश, अमित पुत्र किशनलाल और अमित पुत्र रामप्रसाद निवासीगण गांव अनंतमऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्तों के साथ कुल 5,500 रुपये की नकदी बरामद की है। सभी सात आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष विकास चारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अमित पुत्र रामप्रसाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है।
