चुनावी मोड में सपा, हर के वर्ग के लिए अखिलेश ने खोला घोषणाओं का पिटारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. किसान, महिलाओं, खिलाड़ियों और शिक्षकों को साधने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. पिछले 10 दिनों में अखिलेश ने कई संगठनों के साथ बैठक कर चुनाव में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने कई घोषणाएं भी की है.
महिलाओं पर फोकस: सालाना 40 हजार का वादा
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए नारी समृद्धि सम्मान योजना शुरू करने का ऐलान किया है. इसके तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया. अखिलेश यादव ने रोजगार में 33 फीसदी आरक्षण और मुफ्त लैपटॉप देने जैसे वादे किए है.
खिलाड़ियों को यश भारती वादा
अखिलेश यादव चुनाव से पहले सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने में लगे है. इसी कड़ी में खिलाड़ियों और कलाकारों के साथ बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने खेलों और खिलाड़ियों को लेकर सपा सरकार बनने पर नई नीति बनाने तथा सुविधाएं बढ़ाने की बात कही थी. अखिलेश ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर यश भारती सम्मान फिर शुरू किया जाएगा. इसकी पुरस्कार राशि को 11 लाख रुपये से बढ़ाकर 21 लाख रुपये करने की घोषणा की गई.
शिक्षकों के साथ बैठक, पुरानी पेंशन का मुद्दा
अखिलेश यादव ने सरकारी कर्मचारियों को ध्यान में रखते हुए उनकी सबसे बड़ी मांग पुरानी पेंशन को लेकर भी ऐलान किया है. अखिलेश यादव ने बैठक में कहा था कि सरकार बनाने के बाद सबसे पहले कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की जाएगी. शिक्षा व्यवस्था को लेकर सपा की ओर से स्कूलों की स्थिति और शिक्षकों की समस्याओं को चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाएगा.
किसानों के साथ बैठक
30 सितंबर को अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में किसान नेताओं के साथ बैठक की थी. इस बैठक में किसानों की समस्याओं, फसल के दाम, बिजली, सिंचाई और गन्ना भुगतान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त की जाएगी और गन्ना किसानों का भुगतान 24 से 48 घंटे में करने की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य देने और फसल नुकसान की भरपाई की जाएगी.
